जिंदगी के वो 4 कड़वे सच जो आपको एक मजबूत इंसान बनाएंगे।

hindi prerak vichar hindi motivational

सच, कड़वा होता है पर बेदाग और बेपरवाह होता है। जब आपको परवाह करने की ज़रूरत नहीं होती तब आप आजाद और ज्यादा मजबूत होते है।

सच, जितना जल्दी स्वीकार कर लिया जाए उतना ही अच्छा होता है।

जीवन एक यात्रा है जिसे डर कर नहीं बल्कि जिंदगी के सबक को सीखते हुए सच्चाई और विश्वास के साथ करिए।

आज हम आपको कुछ ऐसे सच बताएंगे, जो कड़वे हो सकते है, कठिन हो सकते है लेकिन अंत में आपको मजबूत बनाते है और अपार खुशी देते है।

जिंदगी के वो 4 कड़वे सच जो आपको एक मजबूत इंसान बनाएंगे।

१) परिवर्तन – प्रकृति का नियम है।

चीजें हमेशा हमारे अनुसार नहीं हो सकती। इसे जितना जल्दी स्वीकार कर ले उतना ही अच्छा रहेगा।

आज हमारे तनाव का मुख्य कारण हमारी जिद्दी प्रवृत्ति है। हम इस आशा को कसकर पकड़ कर रखते है कि सब कुछ हमेशा हमारे अनुसार होना चाहिए और इसी आशा में हम अपने लिए सब कुछ मुश्किल कर लेते है।

हर चीज के दो पहलू होते हैं लेकिन हम कभी भी दूसरे पहलू से सोचना ही नहीं चाहते। अपनी कल्पनाओं से कभी बाहर आना ही नहीं चाहते।

उदाहरण के लिए, मान लीजिए, आपकी आंखों पर पट्टी बंधी है और आप एक बड़े स्विमिंग पूल के बीचो-बीच फंसे हुए है तो अगर आप सिर्फ किनारे पर आने की कोशिश करते रहेंगे तो आप कोई रास्ता ना मिलने के कारण परेशान होते रहेंगे। इससे बेहतर है कि आप मौजूदा स्थिति को स्वीकारें और आराम से तैराकी का मजा ले।

क्या आपने कभी खुद को बदलने और बढ़ने का उचित मौका दिया है?

अगर आपका जवाब ना है, तो आप अकेले नहीं है। आप उन्हीं लाखों लोगों में शामिल है जो हार के डर से कुछ नया करना ही नहीं चाहते।

बदलते समय के अनुसार बदलना आज बहुत जरूरी है। परिवर्तन प्रकृति का नियम है। माना यह आसान नहीं है, बहुत कठिन है लेकिन नामुमकिन नहीं है।

चाहे प्रेम हो, क्रोध हो, अपराध बोध हो, हानि हो, कोई भी भावना हो, हम उसे हमेशा कस कर पकड़ कर रखते है। आसानी से जाने नहीं देते। जबकि इन भावनाओं को जाने देना आपके दिल के बोझ को कम करता है।

कभी जो चीजें आपके लिए बहुत प्यारी थी, जिनके साथ आप बहुत सहज थे, भावनात्मक रूप से उनसे अलग होना आपके लिए बहुत मायने रखता था। लेकिन यकीन मानिए अगर किसी कारण से वो हालात अब बदल रहे है तो उन्हें बदलने दीजिए।

यह तकलीफ कुछ समय की होगी परंतु खुशी उम्र भर की होगी। बदलाव को स्वीकार करना आपको पल-पल मिलने वाले दर्द से छुटकारा दिलाएगा और जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता खोलेगा।

२) अतीत – आज के 98% दर्द का जिम्मेदार।

अगर आप अपने लिए सब कुछ बेहतर चाहते है तो दर्दनाक अतीत को भूल जाइए। लोग बदल सकते है और आगे बढ़ सकते है – इस सच को जितना जल्दी हो सके, स्वीकार कर लीजिए।

अतीत की नाव में सवार हजारों लोगों को देखा है, जिसे वो बदल नहीं सकते, उसी के लिए परेशान होते देखा है और अंत में सिर्फ दर्द से चिल्लाते देखा है।

विश्वास करिए, अतीत को पकड़कर आप सिर्फ वर्तमान को रोक रहे होते है। महसूस करने की कोशिश कीजिए कि अतीत को भूलकर आगे बढ़ना और बदलना उतना दर्दनाक नहीं है जितना अतीत में अटके रहना।

अपने क्रोध, उदासी, निराशा और दुख को करीब से नोटिस कीजिए और देखिए जो अतीत में हुआ था, वह अब नहीं है। सब खत्म हो गया है। बीती रात के साथ सब कुछ बीत चुका है।

नकारात्मकता को पीछे छोड़ कर आशावादी सोच के साथ आगे बढ़िए। गहरी सांस लीजिए, खुद में विश्वास कीजिए और आंतरिक शांति को महसूस कीजिए।

३) नियंत्रण (Control) – हर वक्त, हर जगह जरूरी नहीं है।

हर वो चीज जिस पर आप नियंत्रण करना चाहते है और नहीं कर पा रहे हैं तो उन्हें खुला छोड़ कर देखिए, यकीन मानिए, ज्यादा खुशी होगी।

अपना नजरिया बदलिए, लोगों की नजरें अपने आप बदल जाएगी।

कभी-कभी पीछे हट कर देखिए, जैसे हो रहा है होने दीजिए, फिर देखिए कार्य जरूर होगा और आपका तनाव कम होगा।

नियंत्रण चीजों पर नहीं खुद पर कीजिए, समर्पित रहिए पर आत्म-समर्पण मत कीजिए। कुछ भूल जाइए, कुछ छोड़ दीजिए। मजबूत बनिए और खुश रहिए।

४) समय – सबसे अनमोल और कीमती

अपने जीवन का एक पल भी आप दोबारा नहीं पा सकते। समय की कीमत उससे पूछिए जिसे पता है कि वो मरने वाला है, तो इसे व्यर्थ मत गंवाइए।

आज बहुत से लोग अपने लिए जरूरी हर चीज को कल के लिए टाल देते है। बहुत सी चीजों के लिए इंतजार करते रहते हैं कि सही समय आने पर करेंगे।

अरे! कल किसने देखा है।

कहीं ऐसा ना हो कि आपको इतना समय ही ना मिले जितना आपने उम्मीद की थी। अपने प्यार और परिवार के साथ हंसने, गाने, रोने और खुशी मनाने के लिए समय निकालें।

काश मैंने यह किया होता, मैंने क्यों नहीं सीखा, काश मैंने जिंदगी गुजारी नहीं, जी होती, काश मैं उनसे मिला होता, जिंदगी के आखिरी मोड़ पर यह पछतावे हो या खुशियां हो, यह आपके ही हाथ में है।

जिंदगी छोटी सी है, सिर्फ इंतजार के लम्हों में जाया ना करें। सुकून तो तभी मिलेगा जब, “जीवन का हर दिन ऐसे जीएंगे जैसे कि आखिरी हो”।

सही समय पर पिए गए कुछ कड़वे घूंट, अकसर जिंदगी की मिठास को बढ़ा देते है!
अच्छी आदतें: जो आपका जीवन बदल सकती है।

अपने दोस्तों में लेख शेअर करें, मनाचेTalks हिन्दी आपके लिए ऐसी कई महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ लेके आ रहा है। हमसे जुड़ने के लिए हमारा फेसबुक पेज मनाचेTalks हिन्दी  : मन की बात को लाइक करिए और हमसे व्हाट्स ऐप पे जुड़े रहने के लिए यहाँ क्लिक करे। टेलीग्राम चैनल जॉइन करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: © Copyrights 2022. All rights reserved!