दुनिया में अंधविश्वासों का आज भी है बोलबाला, जानिए कुछ प्रचलित अंधविश्वास

अंधविश्वास के उदाहरण

कहने को आदमी चांद पर पहुंच गया है और वैज्ञानिक तरक्की ने उसे मैन से सुपरमैन बना दिया है।

उसकी सोच आधुनिक हो गयी है और पुराने रुढिवादी विचारों की उसने होली जला दी है।

मगर फिर भी ऐसे अनेक अंधविश्वास अथवा रुढिवादी धारणाएं मौजूद हैं, जो आदमी की सोच को आज भी सैकडों साल पीछे ले जाती हैं।

सबसे बड़ी बात तो यह है कि इन अंधविश्वासों को मानने वालों में अनपढ़ या कम पढ़े-लिखे लोग ही शामिल नहीं हैं बल्कि कुछ बहुत ज्यादा शिक्षित लोग भी इन्हें मानते हुए देखे जाते हैं।

अगर आप यह समझते हैं कि अंधविश्वासों को मानने वाले लोग भारत में ही मिल सकते हैं, तो यहां भी आप गलत है, क्योंकि इन्हें मानने वाले लोग पूरी दुनिया के देशों में पाए जाते हैं।

आइए, दुनिया के देशों में प्रचलित कुछ अजीब किस्म के अंधविश्वासों के बारे में जानें।

1) सबसे पहले भारत की बात करते हैं। यहां कुछ लोग सूरज डूबने के बाद घर की साफ-सफाई करना अशुभ या दुर्भाग्य का सूचक मानते हैं।

उनके विचार से ऐसा करके वे अपने भाग्य को ही निकाल देते हैं अर्थात् इस समय घर में झाड़ू आदि लगाने से उनकी किस्मत पर ही झाड़ू फिर जाता है।

2) भारत में ही एक यह अंधविश्वास भी लोगों ने पाला हुआ है कि घर के बाहर रखे जूते या चप्पल यदि उलटे हो जाएं तो समझो आपका किसी से लड़ाई-झगड़ा होने वाला है।

अतः जूता- चप्पल उलट जाए तो उसे तुरंत सीधा करके लड़ाई-झगड़े की संभावना को टाल देना चाहिए।

ऐसी स्थिति में उलटी हुई चप्पल को दूसरी चप्पल पर मार कर सीधा रखते हैं ताकि अशुभ संकेत टल जाए।

3) तुर्की में च्यूइंग गम को लेकर एक अंधविश्वास प्रचलित है।

वहां के लोगों का मानना है कि रात को च्यूइंग गम आदमी के मांस में बदल जाती है और इसीलिए इसे रात में कभी नहीं खाना चाहिए।

4) अब चीन के लोगों को देखिए उनके हिसाब से अंक चार बड़ा अशुभ होता है।

यह बुराई का सूचक होता है और उनकी भाषा में इसका उच्चारण भी मौत की तरह ही होता है।

5) जापान के लोगों में भी एक अजीब किस्म की धारणा मौजूद पायी जाती है।

ये लोग जब किसी कब्रिस्तान के सामने से गुजरते हैं तो अपने अंगूठे को ऊंगलियों के बीच में छिपा लेते हैं।

इनका मानना है कि अगर ये ऐसा नहीं करते तो इनके माता-पिता की मौत हो सकती है।

अतः ये अपने माता-पिता को मौत की संभावना से बचाने के लिए ऐसा करते हैं।

6) रूस में भी एक अनोखी धारणा के दर्शन होते हैं।

इन लोगों का मानना है कि यदि कोई चिड़िया किसी कार या वाहन अथवा अन्य संपत्ति पर बीट कर देती है, तो धन या समृद्धि में वृद्धि होती है।

अतः इस तरह से चिड़िया की बीट बहुत शुभ होती है।

7) फ़्रांस के लोगों में कुत्ते की गंदगी से जुड़ा एक खास अंधविश्वास पाया जाता है।

वहां के लोगों का मानना है कि यदि कुत्ते की गंदगी पर बायां पैर पड़ जाए तो शुभ संकेत होता है और यदि दायां पैर पड़े तो बुरा या अशुभ संकेत होता है।

8) इस मामले में ब्राज़ील के लोग भी कम नहीं हैं। वहां पर भी एक अजीब अंधविश्वास प्रचलित है।

वहां के लोगों में बटुए या पर्स का गिरना अशुभ संकेत माना जाता है।

उनकी धारणा है कि बटुए या पर्स का नीचे गिरना गरीबी लाने का संकेत होता है अर्थात् इसके गिर जाने से व्यक्ति के पास गरीबी आती है।

9) हमारे भारत में ही लोग यह भी मानते हैं कि कुत्ते का रोना अशुभ होता है।

कुत्ता घर के सामने मुंह करके रोए तो घर पर संकट आने या किसी सदस्य की मौत का सूचक होता है।

इसी तरह अगर बिल्ली घर में आकर रोने लगे तो उसे भी घर के किसी सदस्य की मौत का सूचक माना जाता है।

 

अपने दोस्तों में लेख शेअर करें मनाचेTalks हिन्दी आपके लिए ऐसी कई महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ लेके आ रहा है। हमसे जुड़ने के लिए हमारा फेसबुक पेज मनाचेTalks हिन्दी को लाइक करिए और हमसे व्हाट्स ऐप पे जुड़े रहने के लिए यहाँ क्लिक करे। टेलीग्राम चैनल जॉइन करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: © Copyrights 2022. All rights reserved!